Saturday, May 25, 2019

धर्म किसे कहते हैं?



धर्म किसे कहते हैं?

भद्रसेन

प्रगति चाहने वाले आज के अभिमन्यु रूपी युवकों के लिए वैचारिक स्तर पर जो पहला चक्रव्यूह बनाया जा रहा है- वह धर्म है। यह कैसे? 'धर्म विश्वस्य प्रतिष्ठा' तै०आ० १०,६२,१

धर्म शब्द धृ धातु से बनता है, जिस का धार्यते, सैव्यते सुख-प्राप्यते य: स धर्म: य: धारयतिस धर्म: जिसका सीधा सा भाव है, कि वे बातें, मान्यताएं, कार्य व्यवहार धर्म है जिस के धारण, पालन अपनाने से जीवन का वह- वह रूप, कार्य टिका रहे, सुदृढ़ हो। जैसे कि आपस में अच्छे ढंग से बोलने पर वक्ता-श्रोता का व्यवहार टिका रहता है। वे एक दूसरे से जुड़ कर सुख-स्नेह अनुभव करते हैं, पर आंखें होकर बोलने से परस्पर अशान्ति, ईर्ष्या, द्वेष, झगड़ा ही होता है। तभी तो मनुस्मृतिकार ने सही ढंग से बोलने अर्थात् सत्य-प्रिय वाणी को एक परखा हुआ धर्म कहा है? (सत्यं ब्रूयात् प्रियं ब्रूयात्, न ब्रूयात्, सत्यमप्रियम्। प्रियञ्च नानृतं ब्रूयादेष धर्म: सनातन:।। मनु० ४,१३८) यही बात हम आपस के सम्बन्धों में देखते हैं। जब एक सम्बन्धी अपने सम्बन्ध के अनुरूप रिश्ते को निभाता है, तो दोनों का सम्बन्ध सुदृढ़ होता है और दोनों सुखी, प्रसन्न होते हैं। अतः धर्म-पुल (धर्म एवं प्लव: महाभारत आरण्यक- ३२,३२) या नौका की तरह सहायक होकर जीवन यात्रा, कार्य-व्यवहार को सरल, सुखद बना देता है।
ऐसा सुखदायक धर्म आज सहायक होने के स्थान पर पीछे धकेलने वाला अधिक बना दिया गया है। यहां पहली बात तो यह है, कि धर्म एक न हो कर अनेक हैं। जिन पर परस्पर अनेक तरह-विरोध, खींचतान, धृणा, ईर्ष्या, द्वेष का व्यवहार चल रहा है। बात यहां तक जा पहुंची है, कि अपने धर्म वालों के लिए उस-उस धर्म को मानने मात्र से ही स्वर्ग, जन्नत आदि की प्राप्ति का विधान है, तो दूसरों के लिए नरक, दोज़ख़ आदि का निर्देश है। इस के साथ अपने से भिन्न धर्म वालों को म्लेच्छ, काफिर आदि शब्दों से निन्दित किया जाता हैं ऐसे वचन धर्मग्रन्थों में स्पष्ट रूप से मिलते हैं।

दूसरी बात- यह है, कि धर्म के भक्ति, पूजा-पाठ, तीर्थ, जप, तप, व्रत, पर्व जैसे एक से शब्द भी अलग-अलग रूप रखते हैं, जैसे कि प्रत्येक धर्म में ईश्वर भक्ति, इष्टभक्ति का सर्वप्रथम स्थान है। जिस से भक्त भगवान से जुड़कर दीपक की तरह प्रकाशमान हो जाए। पर आज ईश्वर, इष्टदेव के नाम पर एक लम्बी लाईन लग गई है। जबकि ईश्वर को मानने वाले सारे के सारे यह मानते हैं, कि इस दुनियां को बनाने-चलाने वाला ईश्वर ही है। सारे संसार में सूर्य, जल, वायु की एक ही व्यवस्था है। संसार के प्राकृतिक पदार्थ अन्न, फल, शरीर आदि सर्वत्र एक से ही हैं। अतः इन प्राकृतिक पदार्थों की एक रूपता और एक व्यवस्था से एक ही ईश्वर सिद्ध होता है। पुनरपि ईश्वर के नाम पर या ईश्वर के रूप में अनेक देवी-देवता, गुरु, अवतार, पीर, बाबा, माता, महापुरुष तथा मड़ी-मसान, वृक्ष आदि आए दिन नए-नए यहां जुड़ते जा रहे हैं। तब किस-किस को पूजें और किसी-किस को छोड़ें? क्योंकि हर एक की पूजा की सामग्री प्रक्रिया, व्रत, कथा, पर्व अलग-अलग हैं। एक समय में एक को ही अपनाया जा सकता है।

तीसरी सोचने वाली बात यह भी है, कि भक्ति, पूजा, व्यवहार बनते जा रहे हैं। कुछ ने दूसरों की जगह पूजा, भक्ति करने का धन्धा अपना लिया है और यह व्यापार 'हींग लगे न फिटकड़ी- रंग भी चोखा होय' के अनुसार बिना मूलधन के ही, यहां परिपाक पर अच्छा धन प्राप्त होता है और उस के साथ जहां वस्त्र, फल आदि अन्य पदार्थ भी प्राप्त होते हैं, वहां मान-सम्मान पूर्वक गुरु जैसा प्रतिष्ठित पद भी प्राप्त होता है।

यहां चौथी विचारणीय बात यह है, कि भक्ति, पूजा, प्रेरणा, हृदयशुद्धि, जीवन की पवित्रता (धर्मस्य (भूषणं) निर्व्याजता- नीति ८३- नासौ धर्मो यत्र न सत्यमस्ति,  न तस्सत्यं यच्छलेनाभ्युपेतम् महा० उद्योगत्र ३५,४९- सत्यं न तद् यच्छल दोषयुक्तम् चाणक्य राजनीत शास्त्र ८,३५) का माध्यम न बन कर हर प्रकार की इच्छापूर्ति, पाप माफी जीवन की सफलता, उद्धार का साधन, जीवन का उद्देश्य बन चुकी है। तभी तो यह कहा जाता है- 'कलियुग नाम आधार, सो सुखी- जो नाम आधार, हरि नाम सिमर- बने तेरे बिगड़े काम'।

ऐसा ही सच्चा-सुच्चा बनाने वाला धर्म केवल नाम स्मरण, पूजा-पाठ तक सीमित हो गया है। जीवन शुद्धि से उस का सम्बन्ध, वास्ता नहीं है। तभी तो भगत जी शब्द का भाव होशियार, भोला, ठग (बगुलाभक्त) हो गया है।
इस के साथ धर्म के तीर्थ यात्रा, देवदर्शन, जप, तप, स्मरण, ध्यान, स्नान, व्रत, कथा, पर्व आदि की आए दिन संख्या बढ़ती जाती है। तभी तो पत्र-पत्रिकाओं में प्रत्येक मास के प्रारंभ में उस-उस मास के व्रत, पर्व की सूचना छपती है। उस में कोई विरला दिन ही खाली होता है। ऐसी स्थिति में व्यक्ति क्या-क्या करे? क्या-क्या न करे? जैसे कि हर दिन के अर्थात् सोम, मंगल या एकादशी आदि के व्रत, उपवास की अनोखी से अनोखी महिमा बताई जाती है। तब सब को मानने पर व्यक्ति प्रायः बिना खाए ही रहेगा। ऐसी स्थिति में व्यक्ति कुछ कार्य करने में समर्थ कैसे रहेगा?

आज धर्म के रूप में समझे जाने वाले तीर्थ व्रत, पर्व, पूजा-पाठ, नामस्मरण, जप-तप हर सिद्धि के साधक मान लिए गए हैं। तभी तो इन के समर्थन में सैकड़ों कहानियां प्रचलित कर दी गई हैं। धर्म के इन रूपों को हर दोष का निवारक घोषित किया जाता है और ऐसी अनेक कहानियां शास्त्रों के वचन सुनाए जाते हैं।

[स्त्रोत- आर्य जगत् : आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा का साप्ताहिक पत्र का १९-२५ मई, २०१९ का अंक; प्रस्तुति- प्रियांशु सेठ]

No comments:

Post a Comment