लेखक - महात्मा नारायण स्वामी (मृत्यु और परलोक)
प्रस्तुति -
‘अवत्सार’
१. ब्रह्मचर्य
सबसे प्रथम जिस शिक्षा को देना है, यह ब्रह्मचर्य की शिक्षा है। ब्रह्मचर्य का यह भाव है कि मनुष्य में आस्तिक बुद्धि के साथ वह योग्यता उत्पन्न हो, जिससे मनुष्य अपने मन और इन्द्रियों पर अधिकार रख सके। मन बड़ा चंचल है। यही मन की चंचलता जब इन्द्रियों में भी आ जाती है, तब मनुष्य का पतन हो जाता है। इसलिए मनुष्य के लिए सबसे बड़े यही दो कर्तव्य हैं- (१) ईश्वर परायणता (२) अपने ऊपर अधिकार। इन्हीं कर्त्तव्यद्वय का नाम ब्रह्मचर्य है। सुतराम ब्रह्मचर्य प्रत्येक नर-नारी के लिये अनिवार्य है। जितने भी इन्द्रियों के विषय हैं, क्षणिक सुख के देने वाले हैं और उस क्षणिक सुख के बीतने के साथ ही प्राणियों में उस विषय की असारता जान कर उससे वैराग्य उत्पन्न होता है। परन्तु यह वैराग्य भी विषयों से सुख की भाँति क्षणिक होता है। इस वैराग्य के बीतने पर फिर मनुष्य उन्हीं विषयों की ओर चलने लगता है बस, इसी चलेन्द्रियता के दोष को दूर करने का साधन ब्रह्मचर्य है।
प्रश्न - विषय की निस्सारता का अभिप्राय क्या है?
उत्तर - कोई विषय हो, उसका सुख बहुत थोड़ी देर, उसके भोगने के समय मात्र में रहता है। इधर भोग खत्म हुआ उधर सुख रुखसत। उदाहरण के लिए रसना के विषय को लीजिये। मनुष्य को किसी वस्तु-विशेष का स्वाद अत्यन्त प्रिय है, वह उसी स्वाद के लिये उसे खाता है। जिह्वा पर उस वस्तु के रखते ही स्वाद आ जाता है। परन्तु वह स्वाद प्रिय प्राणी, चाहता है कि उस वस्तु को खाये नहीं, किन्तु जिह्वा पर ही रखा रहने दिया जाये, जिससे देर तक स्वाद आता रहे। परन्तु अब ऐसा करने से स्वाद नहीं आता। उस वस्तु के जिह्वा पर रखते ही खूब स्वाद आ गया था, परन्तु मालूम नहीं, वह स्वाद कहाँ चला गया। वस्तु जिह्वा पर रखी हुई है, परन्तु स्वाद नहीं आता। अब स्वाद क्यों नहीं आता, इसलिए कि वह तो क्षणिक था। स्वाद का क्षण बीतते ही स्वाद खत्म हो गया। वही हाल संसार के प्रत्येक विषय का है, इसलिए इन विषयों को क्षणिक और निस्सार कहा जाता है। ब्रह्मचर्य के नियमों पर अमल करने को योग्यता उत्पन्न करने के लिए यह आवश्यक है कि मनुष्य उठते, बैठते, सोते, जागते इन सब नियमों को स्मरण करता रहे और भरसक प्रयत्न करे कि उन्हें काम में लाये। उनके काम में लाने के दो साधन हैं -
ब्रह्मचर्य के दो साधन - पहला साधन तप है। मनुष्यों को कठोरता सहने का जीवन व्यतीत करना चाहिये। कष्टों को प्रसन्नता से सहन करना चाहिए आरामतलबी के पास भी नहीं फटकना चाहिए। दूसरा साधन स्वाध्याय है। उत्तम उत्तम ग्रन्थों के अध्ययन से मनुष्य का हृदय और मस्तिष्क ब्रह्मचर्य के पवित्र नियमों के ग्रहण करने योग्य बना करता है।
२. चित्त की एकाग्रता
सुख असल में विषयों में नहीं. किन्तु चित्त की एकाग्रता में है। इसलिए चित्त एकाग्र होना चाहिए। चित्त की एकाग्रता प्राप्त करने के लिए इस बात की आदत डालनी चाहिये कि जो भी काम करे, खूब जी लगाकर करे और अपने को कभी खाली न रखे। सदैव कुछ न कुछ करते रहना चाहिये। चित्त की एकाग्रता के लिए ईश्वर के मुख्य नाम ओ३म् का सार्थक जप इस प्रकार करना चाहिये कि कोई श्वास जप से खाली न जाने पाये। यह जप प्रातः, सायं, रात्रि आदि में अपनी-अपनी सुविधा के अनुसार करना चाहिये। इन साधनों से चित्त एकाग्र हो जाता है। चित्त की एकाग्रता मानो मोहन मन्त्र है, जिससे प्रत्येक कार्य की सिद्धि हो सकती है।
३. ममता का त्याग
ममता दुःखों की जननी है। ममता छोड़ देने से मनुष्य दुःखों की सीमा का उल्लंघन कर जाता है। मौत उसके लिए कष्टप्रद नहीं रहती। ममता का साधन वैराग्य है। प्रबल वैराग्य से ममता नष्ट हो जाती है। इसलिए यत्न करके वैराग्य से ममता के परदे को चित्त से हटा देना चाहिये। काम जरूर मुश्किल है, परन्तु असम्भव नहीं। यत्न करने से सब कुछ होता है
४. आत्म-निरीक्षण
चौथी बात जो आचरण में लानी चाहिए, वह आत्म-निरीक्षण (self-inspection) है। आत्म-निरीक्षण का भाव यह है कि मनुष्य शान्ति के साथ समय-समय पर अपने गुणों और दोषों पर विचार किया करे और दोषों के छुड़ाने के लिए यत्नवान् रहा करे। जब तक मनुष्य अपने ऊपर दृष्टि नहीं रखता तब तक उसे अपने दोषों, अपनी त्रुटियों का पता नहीं चला करता। इसलिए दिन-रात में एक खास समय में और सबसे अच्छा रात्रि में सोने से पहले का समय इस काम के लिए हुआ करता है। उसी समय ईश्वर को अपने हृदय में विराजमान समझ कर अपने दिन भर के कामों पर विचार किया करे कि वे दोष उसमें न रहें। इसी का नाम आत्मनिरीक्षण है।
५. विश्वप्रेम
पहली चार शिक्षाओं में वे कर्त्तव्य हैं, जिनका सम्बन्ध केवल उन्होंने मनुष्यों से हुआ करता है जो उन्हें प्रयोग में लाया करते हैं। अब दो शिक्षायें वे हैं, जिनका संबंध अन्यों से है। उनमें से पहली अर्थात् पाँचवीं शिक्षा "विश्वप्रेम" है। मनुष्य का हृदय लचकीला होना चाहिए। जिससे उसमें प्राणिमात्र की हित कामना निहित रहा करे। ईश्वर जगत् का पिता है। मनुष्य पशु, पक्षी सभी उसने उत्पन्न किए। वे उनके पुत्रों और पुत्रियों के सदृश है। इसीलिए जहाँ मनुष्यों के अन्तर्गत भ्रातृभाव होना चाहिए, वहाँ पशु-पक्षियों के लिए भी उनके हृदय में दया का भाव रहना चाहिए। इस प्रेम की मंगल कामना से जब मनुष्य का हृदय पूरित करता रहा है, तब उसके भीतर एक अपूर्व उत्साह और आह्लाद की आभा जाज्वल्यमान रहने लगती है और उसके प्रत्येक कार्य की सिद्धि का अचूक कारण बना करती है। मनुष्य इसी प्रकार से अनेक दोषों तथा अनाचारों से बचा करता है। जहाँ प्रेम से हृदय शुद्ध और उदारतापूर्ण नहीं हुआ करता, यहाँ ईर्ष्या द्वेष की मलिनता और संकीर्णता का यह निवास गृह बना करता है। यही कर्त्तव्य है, जिनके प्रयोग में आने से मनुष्य परस्पर प्रेम के सूत्र से सूत्रित होकर जाति और समाज बनाया करते हैं, जो अभ्युदय (लोकोन्नति) का एकमात्र कारण है। मनुष्यों में परस्पर इस प्रेम का अंकुर उसी समय अधिक अंकुरित हुआ करता है, जब उनके हृदय प्रभु प्रेम से पूरित हुआ करते हैं। इसलिए मनुष्य-प्रेम और ईश्वर-प्रेम दोनों साथ-साथ ही चला करते हैं।
६. सेवा का उच्च भाव
छठा कर्त्तव्य सेवा का उच्च भाव है। यह वह श्रेष्ठ कर्त्तव्य है, जिससे मनुष्य सहृदय और लोकप्रिय बना करता है। उसकी आत्मा में विशालता आती है। इसी उच्च कर्त्तव्य के प्रयोग में लाने से मनुष्य पतितों का पावन बनता, गिरे हुओं को उठाता और अनेक दोषों से युक्त प्राणियों को दोषमुक्त करता है। एक उदाहरण दिया जाता है और यह उदाहरण वैष्णव सम्प्रदाय के एक आचार्य चैतन्य के जीवन से सम्बन्धित है-
एक उदाहरण-
एक बार महात्मा चैतन्य बंगाल के एक नगर में आये और एक वाटिका में ठहरे। उनके साथ कतिपय शिष्य भी थे। नगर के लोगों ने बातचीत में प्रकट किया कि उस नगर में एक व्यक्ति मघाई बहुत दुष्ट है। उससे नगर निवासी दुःखी रहा करते हैं। चैतन्य ने यह सुनकर अपने शिष्य को भेजा कि मघाई को बुला लाये। मघाई उस समय अपने एक-एक मित्रों के साथ बैठा शराब पी रहा था। उसी समय चैतन्य के शिष्य ने उसे गुरु का संदेश सुनाया और साथ चलने की प्रार्थना की। मघाई ने एक खाली बोतल संदेशहर को मारी, जिससे उसका सिर जख्मी हो गया और खून निकलने लगा। उसी दशा में शिष्य ने लौट कर घटित घटना गुरु को सुना दी। चैतन्य ने तब अपने १०-१२ शिष्यों को भेजा कि यदि वह प्रसन्नता से न आए, तो उसे पकड़ लायें। मघाई अब उनके साथ चैतन्य के पास जा रहा है। सोचता जाता था कि उससे अपराध हुआ है और उसे कठोर दण्ड भोगना पड़ेगा। इसी चिन्ता से चिन्तित और दुःखी मघाई चैतन्य की सेवा में उपस्थित किया जाता है। चैतन्य ने उसे आराम के साथ एक गुदगुदे बिस्तर पर लिटवा दिया। परन्तु इससे उसका डर और बेचैनी दूर नहीं हुई। इसी बीच में चैतन्य उसके पाँव के पास जाकर बैठते हैं। उसके पाँव दबाना चाहते हैं। पाँव छूते ही मघाई घबरा कर उठ बैठता है और नम्रता से अपने पातकों और अवगुणों की गिनती कराते हुए कहता है कि महाराज, आपने मेरे अपवित्र शरीर को हाथ लगा कर क्यों अपने हाथों को अपवित्र किया? उसकी आँखों से अश्रुधारा बही चली जा रही है और वह अपने दोषों की गणना चैतन्य को कराता चला आ रहा है। फल यह होता है कि मघाई की काया पलट हो जाती है और वह चैतन्य का शिष्य बनता है और उसके शिष्यों में सबसे ऊँचा स्थान पाता है। इस आख्यायिका से स्पष्ट है कि किस प्रकार चैतन्य ने सेवा द्वारा गिरे हुए पुरुष को उठाकर अच्छे से अच्छा इंसान बना दिया।
७. ईश्वर भक्ति / ईश्वर प्रेम
सातवाँ और अन्तिम कर्त्तव्य विशेषकर चतुर्थाश्रमस्थ मनुष्यों का यह है कि वे अपने को ईश्वर भक्ति ईश्वर प्रेम से इस प्रकार रंग लें कि उसके सिवा उन पर और कोई रंग न चढ़ने पाये और संसार की प्रत्येक वस्तु उन्हें गौण प्रतीत होने लगे। इसके लिए उन्हें निरन्तर उठते-बैठते, सोते-जागते ईश्वर का स्मरण करते रहना चाहिए, यदि वे सोने से पहले जी लगाकर ईश्वर का स्मरण करते हुए सो जायें, तो निश्चित है कि उन्हें यदि स्वप्न भी दिखाई देगा तो उसमें वे अपने ईश्वर का साक्षात्कार करते हुए ही देखेंगे। प्रत्येक प्रकार के झगड़ों, झपटों और अशान्तिप्रद कार्यों से चित्त हटाकर इस एक काम में लग जाने से इष्ट की सिद्धि होती है और इस इष्ट सिद्धि के बाद व्यास के शब्दों में मनुष्य को अनुभव होने लगता है कि
'प्राप्तं प्राप्तव्यम्।'
ईश्वर करें-
सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः।
सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चिद् दुःखभाग्भवेत् ॥
अर्थात् सभी सुखी और स्वस्थ हों, सभी मंगलकामनाओं की पूर्ति देखें और कोई भी दुःखी न हो।
[ मृत्यु और परलोक - अर्थात् शरीर, अन्तःकरण तथा जीव का स्वरूप और भेद, जीव और सृष्टि की उत्पत्ति का प्रकार, मृत्यु का स्वरूप तथा बाद की गति, मुक्ति और स्वर्ग, नरकादि लोकों का स्वरूप, मैस्मरिज्म और रूहों को बुलाने के साधन आदि विषयों पर नये ढंग पर एक अद्भुत पुस्तक ]
लेखक - महात्मा नारायण स्वामी (मृत्यु और परलोक)
प्रस्तुति -
‘अवत्सार’
Saturday, October 4, 2025
मृत्यु आदि दुःखों से मुक्त होने के 7 साधन
Friday, September 12, 2025
अल्लामा इकबाल
'अल्लामा इकबाल'
जिसके पूर्वज कश्मीर के मोह्याल ब्राह्मण थे। उन पर जब मजहबी रंग चढ़ा तो क्या-क्या परिवर्तन हुए- उसके बारे में आर्य विद्वान पण्डित प्रकाशवीर शास्त्री (संसद सदस्य) का एक भूमिकापरक उद्धरण यथावत् प्रस्तुत है -
"एक गिरे से गिरा मुसलमान भी गांधी से लाख दर्जे बेहतर है क्योंकि वह कुरान पर यकीन रखता है।" मुसलमान जब यह समझने लगा स्वराज्य तेरे ही कारण मिल या रुक सकता है उसने कभी गौकशी, कभी ताजियेदारी और कभी मस्जिद के आगे बाजे और कभी मन्दिरों के शंखों पर झगड़े आरम्भ कर दिये। जो समस्यायें इतने दिनों से कभी नहीं उठी थीं वह भी उन दिनों उठने लगीं। उठती भी क्यों न, हमारे लीडरों का आवश्यकता से अधिक महत्व देना और अंग्रेज का शाबाश कहकर बजता हुआ डमरू देखकर शैतान खुलकर खेलने लगा। चौदह प्रतिशत लोगों को तैंतीस प्रतिशत अधिकार मिल गये, इतने पर भी वे शान्त कहां? आधा देश बांटने की तैयारी करने लगा। अंग्रेज के अतिरिक्त भोपाल, रामपुर, हैदराबाद और जूनागढ़ से भी पीठें ठोकी ही जा रही थीं, इधर कांग्रेस के अन्दर रहकर जिन्ना हरेक को यह जान ही चुका था कौन कितने पानी में है और किसमें कहां तक खड़े रहने का दम है ? उसने इसका पूरा लाभ उठाया और मुसलमानों का नेतृत्व आरम्भ कर दिया गया । स्वामी श्रद्धानन्द जैसे वीर नेता जिसने देहली के घण्टाघर पर खड़े होकर गोरों की संगीनों को अपनी छाती खोलकर चुनौती दी थी, उनके वध का शोक समाचार गोहाटी कांग्रेस में रखते हुए हमारे नेताओं के हाथ कांपने लगे क्योंकि मुहम्मद अली जो वहां पर उपस्थित थे, परन्तु जनता के बढ़ते हुए रोष और मालवीय जी क्योंकि उस अधिवेशन के सभापति थे वह प्रस्ताव रखा गया और एक दिन का अधिवेशन भी स्थगित हुआ । उसी अब्दुल रशीद की पैरवी जिसने स्वामी जी को मारा था कचहरी में खुले आम करने वाले आज भी हमारे गवर्नर और राजदूत बन रहे हैं। इसी हिन्दू- मुस्लिम ऐक्य की बढ़ती हुई आंधी और पान इस्लामी स्टेट की कल्पना से सर अल्लामा इकबाल जैसे राष्ट्रीय शायर भी विचलित हो उठे । जिन्होंने कभी देशभक्ति के वह तराने गाये थे-
सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा ।
हिन्दी हैं हम वतन है हिन्दोस्तां हमार। ।।
उन्हीं इकबाल ने मुस्लिम रंग में रंगकर यह कहना आरम्भ किया-
मुस्लिम हैं हम वतन है सारा जहां हमारा।।
इकबाल जैसे राष्ट्रीय और देशभक्ति का अलाप लेने वाले शायर में इतना गहरा मजहबी रंग देखकर पंजाबी शायर श्री त्रिलोकचन्द ने उत्तर दिया-
इकबाल ने जब छोड़ी राहे वतन परस्ती ।
गा-गा के यह तराना सारा जहां हमारा ॥
हमने भी एक फिक्रे में बस बात खत्म कर दी।
सारा जहां तुम्हारा हिन्दोस्तां हमारा ॥
अन्त में आकर इन्हीं इकबाल ने अपने गीतों और बयानों में पाकिस्तान की भूमिका तैयार की। सन् १९३० के मुस्लिम लीग के इलाहाबाद वाले अधिवेशन में सभापति पद से भाषण करते हुए डा० इकबाल ने पहले पहल स्वतन्त्र मुस्लिम राष्ट्र की मांग की। उन्होंने कहा- जिस राष्ट्रीयता में मुसलमानों को इस्लाम के सिद्धान्त को हत्या करनी पड़े उस पर तो उन्हें विचार तक भी नहीं करना चाहिए। परिणामस्वरुप अन्ततः संसार का सबसे रक्त- रंजित और वीभत्स राष्ट्र-विभाजन घटित हुआ। निस्संदेह डॉ. अल्लामा इकबाल भारत-विभाजन के मुख्य सूत्रधारों में से एक हैं।
(स्रोत- 'मेरे सपनों का भारत', लेखक - पण्डित प्रकाशवीर शास्त्री)
प्रस्तुतकर्ता - रामयतन
ऋषि दयानन्द की खरी-खरी
दयानन्द की इस निर्भीक तथा अनासक्त भाव को व्यक्त करने वाली उक्ति को सुन कर सांसारिक वैभव को ही जीवन का चरम लक्ष्य मानने वाले मठाधीश का स्तम्भित एवं चकित हो जाना स्वाभाविक ही था। अपने थोथे ऐश्वर्य और वैभव का निरर्थक प्रदर्शन कर भक्त समुदाय को आश्चर्यान्वित एवं आतंकित करने वाले इस महन्त के जीवन में यह प्रथम अवसर था जब किसी सच्चे विरक्त एवं जिज्ञासु पुरुष का उससे सम्पर्क हुआ । अतः महन्त ने
जिज्ञासावश पूछा कि वह कौनसा उद्देश्य है जिसकी प्राप्ति के लिये वे इतना परिश्रम कर रहे हैं ? दयानन्द का सहज उत्तर था- "मैं सत्य योग विद्या और मोक्ष (जो बिना अपनी आत्मा की पवित्रता और सत्य, न्याय आचरणों के नहीं प्राप्त हो सकता) चाहता हूँ और जब तक यह अर्थ सिद्ध नहीं होगा तब तक बराबर अपने देश वालों का उपकार, जो मनुष्य पर कर्तव्य है, करता रहूंगा।" लोककल्याण और जनसेवा ही दयानन्द की दृष्टि में मोक्ष-प्राप्ति के साधन थे ।(नवजागरण के पुरोधा पृष्ठ 30)
.
वीर्य का नाश आयु का नाश है
वीर्य के विषय में कहा करते थे कि वीर्य का नाश आयु का नाश है, यह वीर्य बड़ा रत्न है। यदि मार्ग में कोई स्त्री आ जाती तो महाराज उसकी ओर पीठ कर लिया करते थे। स्वामी गणेशपुरी एक साधु थे जो स्त्रियों को पढ़ाया और रागरङ्ग कराया करते थे। उसके विषय में महाराज ने कहा था कि यह उसका ढोंग और व्यभिचार है। साधु को चाहिये कि स्त्री को आँख से भी न देखे क्योंकि यह ब्रह्मचारी की आँख में घुस जाती है।
[बाबू देवेंद्र नाथ मुखोपाध्याय]
राजा कर्नल प्रताप सिंह अथवा उनके अग्रज महाराजा जसवन्तसिह मांस मदिरा सेवन, आखेट क्रीड़ा आदि उन दुर्व्यसनों से मुक्ति प्राप्त नहीं कर सके, जो क्षत्रिय समुदाय में सामान्यतया प्रचलित थी। इसे उनकी चारित्रिक दुर्बलता ही समझना चाहिये कि औपचारिक रूप से अपने आप को आर्यसमाजी घोषित करके भी वे अपने वैयक्तिक जीवन में आर्योचित मर्यादायों तथा भक्ष्या-भक्ष्य विषयक नियमों का पालन नहीं कर सके थे। तभी तो एक दिन कर्नल प्रताप के यह पूछने पर कि हमें कोई ऐसा काम बतलायें जिससे कि हमारा मोक्ष हो, स्वामीजी ने स्पष्टतया कहा-"काम तो तुम्हारे मोक्ष के नहीं है। परन्तु एक न्याय तुम्हारे हाथ में है यदि न्यायपूर्वक प्रजा-पालन करोगे तो तुम्हारा मोक्ष हो सकता है।"
(नवजागरण के पुरोधा पृष्ठ ५०३)
एक दिन वार्तालाप के प्रसंग में जोधपुर राज्य के मुसाहिब(मन्त्री) मियां फैजुल्ला खाँ ने स्वामी जी से कहा - " यदि आज मुसलमानों का शासन होता,तो आपके इस्लाम खण्डन को कदापि सहन नहीं किया जाता और आपका इस प्रकार भाषण करना कठिन हो जाता।" निर्भीकमना दयानन्द का उत्तर था - " मैं यदि मुसलमान शासनकाल में होता,तब भी इसी प्रकार की बात कहता और यदि औरंगज़ेब की परम्परा का कोई शासक मेरा अनिष्ट चिन्तन करता तो मैं भी किसी शिवा, दुर्गादास अथवा राजसिंह जैसे क्षत्रिय को आगे कर देता,जो उसे मजा चखा देता।"(नवजागरण के पुरोधा पृष्ठ ५०५)
स्रोत- (बाबू देवेन्द्रनाथ एवं प्रो.भवानीलाल भारतीय लिखित जीवनचरित् से)
प्रस्तुतकर्ता -रामयतन
ऋषि दयानन्द ने बार-बार रजवाड़ों को झकझोरा
ऋषि दयानन्द ने बार-बार रजवाड़ों को झकझोरा
"नवजागरण के पुरोधा : दयानन्द सरस्वती" के लेखक प्रो.भवानीलाल भारतीय बहुत मार्मिक शब्दों में लिखते हैं - "महर्षि दयानन्द ने राजस्थान प्रवास की योजना को एक विशिष्ट लक्ष्य की पूर्ति के लिए क्रियान्वित करना चाहा था। उनके जीवन का संध्याकाल उपस्थित होने वाला है। वैदिक ज्योति को अशेष धरातल पर विकीर्ण करनेवाला यह ज्योतिष्मान् मार्त्तण्ड अपने सम्पूर्ण ताप और ऊष्मा से वसुन्धरा को सुपुष्ट कर मानो अब काल रात्रि का ग्रास बनने ही जा रहा है। जीवन-नाटक के इस अन्तिम अंक के लिए दयानन्द ने राजस्थान के रंगमंच को ही क्यों चुना ? स्वामीजी की यह धारणा थी कि जिन क्षत्रिय नरेशों की धमनियों में महाराणा सांगा, महाराणा प्रताप, वीर जयमल और पत्ता तथा वीर दुर्गादास जैसे रणबांकुरों का ऊष्ण रक्त प्रवाहित हो रहा है, वे आज के इस गये गुजरे जमाने में भी यदि चाहें तो अपनी प्रजा का सही मार्गदर्शन कर सकते हैं। यों तो सम्पूर्ण भारत ही उस समय विदेशी शासकों के अधिकार में था, किन्तु यदि स्वराज्य की कोई क्षीण झलक यत्र तत्र दिखाई दे जाती थी तो इन्हीं देशी राज्यों में ही। स्वामीजी यह भी जानते थे कि इन देशी रजवाड़ों के अधिकांश नरेश विषय-लोलुप, इन्द्रियारामी, स्वेच्छाचारी तथा निरंकुश बन गये हैं। किन्तु उनकी यह धारणा थी कि यदि 'इन लोगों में स्वाभिमान, एवं आत्मगौरव का संचार कर प्रजारञ्जन तथा कर्त्तव्य-भावना को उद्बुद्ध किया जा सके तो निश्चय ही राजस्थान ब्रिटिश भारत का नेतृत्व करने में समर्थ हो जायगा। कुछ इसी आशा और विश्वास को लेकर स्वामीजी ने राजस्थान में अपना अवशिष्ट जीवन लगाया। उन्होंने राजन्यवर्ग की समस्याओं का अध्ययन किया, उनकी जीवनचर्या को सुधारा तथा उन्हें प्रजाहित तथा देशहित का पाठ पढ़ाया ।"
कविराजा जी की प्रेरणा से मेवाड़ राज्य के बड़े-बड़े जागीरदार,सरदार तथा राजपुरुष भी स्वामी जी का सत्संग लाभ करने लगे। स्वामी जी 15 नवंबर सन् 1881 को जब प्रथम बार महाराणा जी से मिले तो वहीं धर्म के साथ राजधर्म का उपदेश दिया और कहा कि- "आप राजा सिंह तुल्य हैं। पासवान स्त्रियों को कदापि राजभवनों में नहीं डालना चाहिए। दरबार ने उस दिन जान लिया कि केवल यही व्यक्ति है जो बिना लागलपेट के सत्योपदेश करता है। हृदय से ऋषि के उपदेश को पसन्द किया। स्वामी जी ने महाराणा की प्रशंसा करते हुए आशा व्यक्त की कि उनके कुशल नेतृत्व में मेवाड़ राज्य की सर्वतोन्मुखी उन्नति होगी। वस्तुत: स्वामी जी की यह हार्दिक इच्छा थी कि राजस्थान के क्षत्रिय राजा आलस्य, प्रमाद, विषय-वासना,मद्यपान जैसे दुर्गुणों और दुर्व्यसन को त्याग कर निष्ठापूर्वक प्रजापालन को ही स्वकर्तव्य समझें। अतः राजन्य वर्ग के सुधार की महत्वाकांक्षा को लेकर ही स्वामी दयानन्द ने राजस्थान के इन रजवाड़े में भ्रमण का व्यापक कार्यक्रम बनाया था। दो माह से कुछ कम समय तक चित्तौड़ में निवास कर स्वामी जी ने मुंबई जाने का विचार किया।
मुंबई का यह प्रवास दीर्घ अवधि का था। स्वामी जी लगभग ६ माह के बाद ११ अगस्त १८८२ शुक्रवार को पुनः मेवाड़ राज्य की राजधानी उदयपुर पहुंचे। उदयपुर में स्वामी जी का प्रवास ६ माह से कुछ अधिक काल का रहा। मेवाड़ के महाराणा स्वामी दयानन्द के चरित्र, व्यक्तित्व एवं उनकी विचारधारा से तो प्रभावित थे ही, अतः इस बार उदयपुर आने पर उन्होंने स्वामीजी से दीर्घकाल पर्यन्त मेवाड़ की राजधानी में रहने का अनुरोध किया ।
महाराज ने महाराणा को निम्न प्रकार दिनचर्या का उपदेश
किया था : -
महाराज के उपदेश से महाराणा ने वेश्यागमन का कुव्यसन त्याग दिया था। बहु विवाह से भी उन्हें घृणा हो गई थी। उन्हीं दिनों एक स्थान से विवाह का प्रस्ताव हुआ था, परन्तु महाराणा ने उसे तुरन्त अस्वीकार कर दिया।
. ************
स्रोत- पंडित लेखराम जी द्वारा संकलित, बाबू देवेंद्र नाथ मुखोपाध्याय द्वारा संकलित, पंडित लक्ष्मण जी लिखित-महर्षि दयानन्द का जीवन चरित् और प्रो. भवानीलाल भारतीय लिखित 'नवजागरण के पुरोधा दयानन्द सरस्वती'
प्रस्तुतकर्ता- रामयतन
.
Subscribe to:
Posts (Atom)




